30 सितंबर से 9 अक्टूबर तक राजाबाजार मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर अभिषेक, प्रवचन, भजन संध्या, विनयांजलि, विद्वत परिषद और भक्तामर स्तोत्र पाठ का आयोजन

छत्रपति संभाजीनगर। परम पूज्य आचार्य श्री विनम्रसागरजी महामुनिराज संघ के पावन सान्निध्य में आगामी दिनों में शहर में विविध धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। श्री खंडेलवाल दिगंबर जैन पंचायत, पार्श्वनाथ मंदिर राजाबाजार तथा श्री विनम्र चातुर्मास आयोजन समिति-2026 के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में सकल दिगंबर जैन समाज के श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया गया है।
30 सितंबर को राजाबाजार मंदिर में होंगे विविध धार्मिक आयोजन
30 सितंबर को राजाबाजार मंदिर में 1008 सहस्रनाम जाप के साथ 1008 कलशों से संगीतमय अभिषेक एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 7.30 बजे श्रीजी का संगीतमय अभिषेक एवं महाशांतिधारा, सुबह 8.30 बजे आचार्य भगवंत का मंगल प्रवचन तथा सुबह 10 बजे आहारचर्या होगी। इन कार्यक्रमों में समाजबंधुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहेगी।
इसी दिन आचार्य श्री विनम्रसागरजी गुरुदेव के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में शाम 7 बजे आचार्य गुप्तिनंदीजी सभागृह, हीराकाका प्रांगण, नूतन भूमी परिसर में विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया है। इसमें भोपाल के प्रसिद्ध भजन सम्राटों द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण है।
1 अक्टूबर को अवतरण दिवस महोत्सव
1 अक्टूबर को आचार्य गुप्तिनंदीजी सभागृह में आचार्य श्री विनम्रसागरजी गुरुदेव का भव्य अवतरण दिवस महोत्सव आयोजित किया जाएगा। दोपहर 1 बजे सकल समाज की ओर से क्षमापना महोत्सव, विनयांजलि सभा एवं गुरु पूजन समारोह होगा। शाम 5 बजे श्री दिलीपजी-शुभमजी छाबड़ा परिवार की ओर से महाप्रसादी का आयोजन किया गया है। शाम 7 बजे आचार्य श्री की भव्य महाआरती होगी।
5 से 7 अक्टूबर तक विद्वत परिषद एवं धर्मचर्चा
धर्म, दर्शन एवं अध्यात्म विषयों पर 5, 6 और 7 अक्टूबर को विशेष विद्वत परिषद एवं धर्मचर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे। देशभर से 30 से अधिक विद्वान इस परिषद में शामिल होंगे। तीन दिवसीय सत्र में विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
9 अक्टूबर को विश्व भक्तामर दिवस पर सामूहिक पाठ
9 अक्टूबर को विश्व भक्तामर दिवस के अवसर पर सामूहिक भक्तामर स्तोत्र पाठ का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8.30 बजे होगी तथा सुबह 9.09 बजे सामूहिक भक्तामर स्तोत्र पाठ किया जाएगा। आचार्य श्री विनम्रसागरजी महामुनिराज संघ एवं समस्त साधु-संत भगवंतों के पावन सान्निध्य में होने वाले इस कार्यक्रम में सकल समाज के श्रद्धालुओं से सहभागी होने का आह्वान किया गया है।

पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग का आह्वान
बड़े धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए समाजबंधुओं से सहयोग करने की अपील आयोजन समिति ने की है। श्रद्धालुओं से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।
आयोजन समिति के अनुसार, गुरुआज्ञा एवं आवश्यक परिस्थितियों के अनुसार कार्यक्रमों के समय में परिवर्तन संभव है। इसलिए समाजबंधुओं से समय-समय पर जारी होने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान देने का आह्वान किया गया है।
यह जानकारी प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पियुष कासलीवाल, औरंगाबाद ने दी।
आयोजक :
श्री खंडेलवाल दिगंबर जैन पंचायत, पार्श्वनाथ मंदिर, राजाबाजार, छत्रपति संभाजीनगर
निवेदक :
श्री विनम्र चातुर्मास आयोजन समिति-2026
सकल दिगंबर जैन समाज, छत्रपति संभाजीनगर









