महरौनी, ललितपुर।

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज महरौनी में मंगलवार को परम तपस्वी, चतुर्थ कालीन चर्याधारी पूज्य मुनि श्री विकौशल सागर जी महाराज के मंगल प्रवचन का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। महाराज श्री के पावन सान्निध्य और मंगल वचनों से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा।
मंगल प्रवचन में महाराज श्री ने धर्म, संयम, अहिंसा, त्याग, तपस्या एवं सदाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने आध्यात्मिक संस्कारों और अनुशासन के महत्व का संदेश दिया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना रहा।
इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष श्री पवन मोदी सहित शानू कठेरिया, नितिन जैन, मिलापचंद्र सर्राफ एवं महेंद्र जैन उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में समस्त आचार्यों एवं आचार्या बहनों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री नितिन शास्त्री ने किया। आयोजन के अंत में विद्यालय परिवार ने पूज्य मुनि श्री विकौशल सागर जी महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके मंगल आशीर्वचनों को अपना सौभाग्य बताया। यह आयोजन विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, सांस्कृतिक चेतना और जीवन मूल्यों के प्रति समर्पण की प्रेरणा देने वाला रहा।







