सभी प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा व फसल बीमा का लाभ देने तथा डीएपी-यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने की मांग

महरौनी, ललितपुर।
जनपद में लगातार हुई अतिवृष्टि से खरीफ की फसलों को हुए नुकसान को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी महरौनी ने किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई है। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राकेश कुमार सेन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी महरौनी रजनीश बाजपेई के माध्यम से प्रेषित किया।
ज्ञापन में कहा गया कि विगत एक माह से हो रही अतिवृष्टि के कारण उड़द, मूंग सहित अन्य फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने मांग की कि फसल क्षति का सर्वे कराकर सिर्फ सीमित किसानों तक राहत न रखी जाए, बल्कि सभी प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा एवं फसल बीमा का लाभ दिलाया जाए।
ज्ञापन में रबी की फसलों को ध्यान में रखते हुए डीएपी एवं यूरिया खाद पर्याप्त मात्रा में उचित दर पर उपलब्ध कराने की भी मांग की गई, ताकि किसान समय पर बुवाई एवं फसल की तैयारी कर सकें और उन्हें खाद के लिए परेशान न होना पड़े।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि अतिवृष्टि से पहले ही किसानों की मेहनत और पूंजी पर पानी फिर चुका है। ऐसे में शासन-प्रशासन द्वारा शीघ्र सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत उपलब्ध कराना आवश्यक है।
इस दौरान आशाराम तिवारी, राजेश रजक (पूर्व जिलाध्यक्ष), अखिलेश मलैया, अवधेश खरे, दयाशंकर रजक, अभिषेक सिंघई, रवि राजा, रब्बी राजा सोजना, कमलेश श्रीवास्तव, दिनेश रजक, दिनेश अहिरवार सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।









