प्रधानाचार्य शीलम गुप्ता ने छात्राओं को सेवा, संस्कार और परोपकार का महत्व समझाया

महरौनी,ललितपुर।
पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महरौनी में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा दिवस–आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में छात्राओं द्वारा सेवा और सद्भावना के प्रतीक स्वरूप दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती शीलम गुप्ता ने छात्राओं को सेवा दिवस के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि सेवा केवल किसी जरूरतमंद की सहायता करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझना और मानवता के भाव को जीवन में अपनाना भी है। उन्होंने छात्राओं को निस्वार्थ भाव से दूसरों की सहायता करने, बुजुर्गों का सम्मान करने तथा जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि सेवा और संस्कार से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नींव मजबूत होती है। छात्राओं ने भी सेवा, सहयोग एवं मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं की सहभागिता रही। पूरे विद्यालय परिसर में सेवा, संस्कार और सद्भावना का संदेश दिखाई दिया।









