गणेश चतुर्थी, जल विहार, पर्युषण पर्व व ग्यारहवीं शरीफ को लेकर पुलिस-प्रशासन ने की तैयारियों की समीक्षा

महरौनी, ललितपुर।
आगामी गणेश चतुर्थी, जल विहार, पर्युषण पर्व एवं ग्यारहवीं शरीफ सहित अन्य धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार शाम थाना महरौनी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मुहम्मद जासिम ने की।
बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह एवं इंस्पेक्टर निर्भय सिंह सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने आयोजन समितियों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ सुरक्षा, यातायात, जुलूस मार्ग एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर चर्चा की।
एसडीएम मुहम्मद जासिम ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे एवं सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने निर्धारित नियमों का पालन करते हुए धार्मिक आयोजन करने तथा किसी भी ऐसी गतिविधि से बचने की अपील की, जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों।
सीओ अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने की अपील की।
कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह ने आयोजन समितियों से कार्यक्रमों की जानकारी समय से पुलिस को देने और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। माहौल बिगाड़ने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुष्यंत बड़ोनिया, आशाराम तिवारी, आशीष त्रिपाठी, पवन मोदी, पार्षद अनिल शर्मा, उदयभान सिंह, मुकेश श्रीवास्तव, पुजारी बलराम पुरोहित, हाजी मुहम्मद हारून, अजय सिंह चौहान, पंकज सिंघई, दीपक तिवारी मोना, पियूष शुक्ला, अंशुल सिंह बघेल, सजल श्रीवास्तव, आशीष साहू, हरिश्चंद्र, हिमांशु, विशाल सिंह, अमन तिवारी, कप्तान यादव, सुरेश कुमार वर्मा, रामरतन, शनि, निशांत, सुमित, देव, दिव्यांश साहू, ध्रुव साहू सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।वहीं पत्रकार राजीव सिंघई मोनू, सूर्यकांत त्रिपाठी, शैलेन्द्र नायक, शिवेंद्र सिंह भदौरिया एवं ऋषि तिवारी सहित कोतवाली पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।









