पुलिस परिवार ने मनाया कृष्ण जन्मोत्सव, बच्चों ने मोहा मन|,

कृष्ण भक्ति में डूबा ललितपुर पुलिस लाइन।
ललितपुर रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में शुक्रवार रात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पुलिस परिवार ने श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई और परिवार सहित ललितपुर पुलिस लाइन में स्थित मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई और बाल गोपाल का भव्य श्रृंगार किया गया
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मे पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारीजनों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
बच्चों ने दिखाई बाल लीलाएं
जन्माष्टमी कार्यक्रम में पुलिस परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण भजनों पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया। पुलिस परिवार के सदस्यों ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। एसपी संजीव बाजपेई ने पुलिस परिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, कर्तव्य, धर्म और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के परिवारजनों ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और भक्तिभाव के साथ पर्व मनाया।









