महरौनी, ललितपुर।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व नगर महरौनी में परंपरागत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। किले के हनुमान जी मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित आकर्षक एवं मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसे निहारने के लिए देर शाम से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर भक्तों की भारी भीड़ से गूंज उठा।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं अनुष्ठान संपन्न कराया गया। पूजन कार्यक्रम में मुख्य यजमान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली महरौनी राजा दिनेश सिंह सपत्नीक उपस्थित रहे। जन्मोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में जयकारों और घंटा-घड़ियाल की गूंज से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन एवं बधाई गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते-नाचते रहे और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आए।
भजन संध्या में विनोद कुशवाहा, सूर्यकान्त त्रिपाठी, दर्शना नायक, राजू पेंटर, प्रखर मिश्रा, अमन तिवारी, शैलेश चतुर्वेदी, हर्ष तिवारी एवं कमलेश राजपूत सहित अन्य कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ‘मन्नू कोरी’ ने भी शिरकत कर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन पर जगत कल्याण एवं सुख-शांति की कामना के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पावन पर्व के अवसर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह की ओर से समस्त श्रद्धालुजनों एवं आत्मीय जन के लिए सहभोज का आयोजन भी कराया गया।
जन्माष्टमी समारोह को सफल बनाने में महरौनी कोतवाली स्टाफ एवं नगरवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।









