महरौनी,ललितपुर।

तहसील महरौनी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम पंचायत सैदपुर निवासी अरविंद सिंह ने गांव में खेल मैदान की भूमि से कथित कब्जा हटाए जाने की मांग को लेकर शिकायती पत्र सौंपा। शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों से मामले में शीघ्र जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
शिकायती पत्र में बताया गया कि ग्राम पंचायत सैदपुर में गाटा संख्या 4063, रकबा 882 हे० भूमि महरौनी रोड पर स्थित है, जिसे खेल मैदान के लिए उपयोग किए जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह पिछले करीब दो वर्षों से खेल मैदान की भूमि से कब्जा हटाने के संबंध में शिकायत करता चला आ रहा है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मौके पर किसी कर्मचारी द्वारा कब्जा नहीं हटवाया गया। राजस्व कर्मचारियों द्वारा प्रधान के मौके पर नहीं आने का हवाला देकर कार्रवाई टालने की बात भी शिकायत में कही गई है। वहीं, शिकायतकर्ता के अनुसार खेल मैदान की भूमि पर वर्तमान में आवासों का निर्माण भी हो चुका है, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों से मामले की स्थलीय जांच कराकर खेल मैदान की भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।









