तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में चल रहा था उपचार, इलाज के दौरान तोड़ा दम

महरौनी, ललितपुर।
ब्लॉक महरौनी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्हेड़ी निवासी एक युवक की हरियाणा में मजदूरी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव सहित परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुम्हेड़ी निवासी मथरा अहिरवार, पुत्र स्वर्गीय भगोने अहिरवार परिवार के भरण-पोषण के लिए हरियाणा में मजदूरी करने गए थे। मजदूरी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
मथरा अहिरवार की मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। रोजी-रोटी की तलाश में परदेस गए युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का विलाप देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
मृतक अपने पीछे एक पुत्र हरगोविंद अहिरवार और एक पुत्री रंजना अहिरवार को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों सहित पूरे परिवार का भविष्य संकट में पड़ गया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम कुम्हेड़ी में भी शोक की लहर दौड़ गई।

coming soon








