रजिस्ट्रार कार्यालय के सामने लाठी-डंडे व चप्पलों से मारपीट, महिलाओं ने भी संभाला मोर्चा

महरौनी, ललितपुर।
महरौनी तहसील परिसर में जमीन की रजिस्ट्री को लेकर पिछले करीब छह-सात माह से चला आ रहा विवाद सोमवार को एक बार फिर हिंसक हो गया। रजिस्ट्रार कार्यालय के सामने दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों के पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, हॉकी व चप्पलों से हमला किया, जिससे तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गदोरा निवासी पटेल पक्ष जमीन का क्रेता बताया जा रहा है, जबकि जमीन विक्रेता पक्ष से गुढ़ा खिरिया निवासी रघुवर कुशवाहा का नाम सामने आया है। रघुवर कुशवाहा के तीन पुत्र भोले, जगदीश और देशराज बताए गए हैं। बताया गया है कि रघुवर वर्तमान में अपने छोटे पुत्र देशराज के साथ रहते हैं।
परिजनों के अनुसार, रघुवर कुशवाहा के नाम केसीसी का कर्ज है, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने अपनी जमीन बेचने का निर्णय लिया। वहीं, उनके बड़े पुत्र भोले और जगदीश कथित तौर पर जमीन की रजिस्ट्री का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि छोटे भाई द्वारा पिता से जबरन रजिस्ट्री कराई जा रही है। इसी विवाद को लेकर सोमवार को रजिस्ट्रार कार्यालय में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच करीब एक माह पहले भी मारपीट हो चुकी है। सोमवार की घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ समय तक दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होती रही।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, कांस्टेबल धर्मेंद्र पांडे सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस कुछ लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Coming soon








