छत्रपति संभाजीनगर:
श्रावण शुक्ल सप्तमी के अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ जी का मोक्ष कल्याणक दिवस आर्यानंदी कॉलोनी में अपार भक्तिभाव के साथ मनाया गया। प्रातःकाल भगवान का अभिषेक किया गया, जिसके पश्चात निर्वाण कांड का पाठ कर कुमकुमदेवी पापड़ीवाल परिवार एवं उपस्थित श्रद्धालुओं की ओर से लड्डू चढ़ाया गया।
वर्षायोग के लिए विराजमान सिद्धांत चक्रवर्ती आचार्य श्री १०८ हेमसागर जी महाराज के पावन सानिध्य में धार्मिक कार्यक्रम एवं प्रवचन संपन्न हुए।
इस अवसर पर पूज्य आचार्य श्री ने भगवान पार्श्वनाथ के जीवन से जुड़ी करुणा, अहिंसा, तपस्या और उपसर्गों पर विजय का वर्णन किया। नाग-नागिन के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने सभी जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और अहिंसा का संदेश दिया। साथ ही, कमठ द्वारा किए गए उपसर्ग के समय भगवान पार्श्वनाथ द्वारा धारण की गई समता तथा धरणेंद्र देव एवं माता पद्मावती द्वारा किए गए संरक्षण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
यक्ष-यक्षिणियों के संदर्भ में धार्मिक मर्यादाओं को स्पष्ट करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि उनका आदर किया जाना चाहिए।
उन्होंने आह्वान किया कि सभी भक्त कर्मों की निर्जरा, समता, अहिंसा और करुणा के मार्ग को अपनाकर मोक्ष मार्ग पर आगे बढ़ें।
यह जानकारी प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पीयूष कासलीवाल (औरंगाबाद) द्वारा दी गई है।

Jio TV channel no 1167









