लगभग 60 से 70 लीटर जल से भरे कलश लेकर निकली अनूठी कांवड़ यात्रा, ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजा मार्ग

महरौनी, ललितपुर।
श्रावण मास के तृतीय सोमवार को महरौनी क्षेत्र में आस्था, भक्ति और अदम्य संकल्प का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। ललितपुर के विष्णुपुरा निवासी युवाओं ने लगभग 60 से 70 लीटर जल कलशों में भरकर कांवड़ के माध्यम से कुंडेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव के जलाभिषेक का संकल्प पूरा किया।
कंधों पर भारी कांवड़, अधरों पर ‘बम-बम भोले’ का जयघोष और हृदय में भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा लिए युवाओं का जत्था जब मार्ग से गुजरा तो हर किसी की निगाहें उनकी भक्ति पर टिक गईं। युवाओं की कांवड़ में चार-चार कलश स्थापित थे और प्रत्येक कलश में लगभग 10 से 12 लीटर जल भरा हुआ था। भारी वजन के चलते कंधे झुक रहे थे, लेकिन श्रद्धा और संकल्प के आगे थकान मानो कहीं ठहर गई।
मीडिया से बातचीत में युवाओं ने बताया कि उन्होंने ललितपुर से जल लेकर कुंडेश्वर धाम पहुंचने और भगवान शिव का जलाभिषेक करने का संकल्प लिया था। इसके बाद कुंडेश्वर धाम से जल लेकर ललितपुर स्थित भगवान शिव मंदिर में अर्पित किया जाएगा। उनकी यह यात्रा केवल कांवड़ यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या और संकल्प की जीवंत मिसाल बनी।
कांवड़ यात्रा में रोहित वर्मा, सामू, निकिल, राज, गोलू, प्रिंस, अंकित, मनीष, विवेक, राजीव, रोहित, आशीष और निहाल सहित विष्णुपुरा के अनेक युवा शामिल रहे।
युवाओं की इस अनूठी भक्ति यात्रा ने श्रावण की धार्मिक आस्था को और भी जीवंत कर दिया। मार्ग में मौजूद लोगों ने भी युवाओं के जज्बे और श्रद्धा को नमन करते हुए उनके संकल्प की सराहना की।








