कोतवाली पुलिस ने अवैध रुपयों की मांग करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन, एएसपी कालू सिंह और सीओ सदर अजय कुमार के निकट पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 890/2026, धारा 119(1), 352, 115(2) एवं 351(3) बीएनएस में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चण्डी मंदिर के पास निवासी निखिल तिवारी पुत्र राजीव तिवारी, अंकित पुत्र दीपचन्द्र चौधरी उर्फ अहिरवार, उदय पारासर पुत्र स्व. वालकृष्ण पारासर के रूप में हुई है। मामले में वादिया ने शिकायत दी थी कि आरोपियों द्वारा उसके भाई से अवैध रुपयों की मांग की गई। रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान तीनों आरोपी वांछित चल रहे थे। पुलिस टीम ने 18 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए तीनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आलोक सिंह, कांस्टेबल सौरभ त्रिपाठी, कांस्टेबल सरवन कुमार और कां.कुलदीप सिंह शामिल रहे।









