त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी :- अपर पुलिस अधीक्षक

महरौनी, ललितपुर।
महरौनी तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर पुलिस अधीक्ष कालू सिंह एवं उपजिलाधिकारी (न्यायिक) मु. जासिम की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने दूर-दराज से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रार्थना पत्र प्रेषित करते हुए निर्धारित समयावधि में त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 16 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से चार, पुलिस विभाग से दो, विकास विभाग से तीन, चकबंदी विभाग से दो, पूर्ति विभाग से चार तथा विद्युत विभाग से एक प्रार्थना पत्र शामिल रहा।
अधिकारियों ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का स्थलीय सत्यापन करते हुए नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद पांडेय तहसीलदार (न्यायिक) श्रवण कुमार राठौर, नायब तहसीलदार (न्यायिक) आनंद लवानिया, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली राजा दिनेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, कानूनगो, लेखपाल एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।









