महरौनी, ललितपुर।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महरौनी कोतवाली पुलिस द्वारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में पुलिस प्रशासन के वाहनों को तिरंगे गुब्बारों और राष्ट्रीय ध्वज से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जो देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर रहे थे।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कोतवाली परिसर से हुआ। यात्रा मुख्य बाजार, इंद्रा चौराहा एवं बानपुर चौराहा होते हुए पुनः कोतवाली परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह के साथ उपनिरीक्षक, महिला कांस्टेबल एवं पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा थामे अनुशासित एवं पंक्तिबद्ध होकर चल रहे थे।

यात्रा के आगे डीजे पर गूंजते देशभक्ति गीतों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो उठा। मार्ग में तिरंगों से सजे पुलिस वाहनों और हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वजों ने पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

पुलिस की इस भव्य तिरंगा यात्रा ने नगरवासियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को और मजबूत किया।









