महरौनी, ललितपुर।
महरौनी तहसील अंतर्गत ग्राम निवारी से सावन मास के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। कांवड़ यात्रा में ग्राम निवारी सहित आसपास के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हजारों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुए और पूरे मार्ग में हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण शिवमय बना रहा।
कांवड़ यात्रा में श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति के साथ कुंडेश्वर धाम के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया तथा कांवड़ यात्रियों के लिए सेवा एवं जलपान की व्यवस्थाएं भी की गईं। भक्तिमय माहौल और भगवान शिव के जयकारों से पूरा मार्ग धर्ममय नजर आया।
कुंडेश्वर धाम पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार, समाज एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कांवड़ यात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही, जिससे आयोजन की भव्यता देखते ही बनी।
ग्राम निवारी के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डॉ. राजीव बाजपेयी द्वारा बाजपेयी परिवार एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से हर वर्ष इस कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।










