महरौनी (ललितपुर)। महरौनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़वा के समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में भगवान श्री हनुमान जी महाराज मंदिर, पड़वा से श्री कुंडेश्वर शिवधाम तक भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया।
कांवड़ यात्रा में माताओं-बहनों, युवाओं, भाइयों एवं बुजुर्गों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। ग्राम पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु कांवड़ लेकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल हुए। पूरे यात्रा मार्ग पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
यात्रा में 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने कांवड़ में पवित्र जल लेकर श्री कुंडेश्वर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से सुख, शांति, समृद्धि एवं समस्त ग्रामवासियों के मंगल की कामना की।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।










