ज्यादातर चिकित्सक एवं स्टाफ अपनी ड्यूटी से रहते हैं नदारद

ललितपुर मेडीकल कॉलेज का इमरजेंसी वार्ड बना रिफर सेन्टर :- बु. वि. सेना
बु.वि.सेना ने की पिछले दिनों रिफर किए गए मरीजों की सत्यता की जांच की मांग
ललितपुर । आज बु.वि. सेना की एक आवश्यक बैठक स्थानीय कंपनी बाग में बु. वि सेना प्रमुख हरीश कपूर टीटू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विगत दिवस जिलाधिकारी महोदय द्वारा ललितपुर राजकीय मेडीकल कॉलेज में छापा मारने और छापे के दौरान नदारद चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ के नदारद रहने तथा अपने दायित्वों का उचित प्रकार से निर्वहन न करने पर गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए बु. वि. सेना प्रमुख टीटू कपूर ने कहा कि ललितपुर का राजकीय मेडीकल कॉलेज घोर अव्यवस्था का केन्द्र बन चुका है। यहां पर उच्च अधिकारियों की मिलीभगत से तमाम चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ नदारद रहकर अपना पूरा वेतन प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर गायब रहने वाले चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ अपने उपस्थिति हस्ताक्षर कई दिनों के एकमुश्त कर देते हैं और तो और हद तब होती है जब कुछ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने आने वाले दिनों के भी हस्ताक्षर एडवांस में कर दिए ।
बु. वि. सेना प्रमुख ने कहा कि जिलाधिकारी महोदय ने विगत दिवस राजकीय मेडीकल कॉलेज में छापा मारकर नदारद रहने वाले चिकित्सकों एवं स्टाफ की जांच कर जबाव तलब किया है जो कि एक प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि आगामी समय में ललितपुर मेडीकल कॉलेज में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की बायोमेट्रिक एवं फेस स्क्रीनिंग की जांच की व्यवस्था की जाये जिससे बहुत हद तक नदारद रहने वाले चिकित्सकों पर लगाम लगाई जा सकती है।मेन्युनली उपस्थिति हस्ताक्षर पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। इसके अलावा ड्यूटी पर रहने वाले चिकित्सकों एवं स्टाफ की दो माह की लोकेशन को भी ट्रेस किया जाना आवश्यक है।
बु. वि.सेना प्रमुख टीटू कपूर ने कहा मेडीकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में घोर अव्यवस्था का आलम है । यहां पर चिकित्सकों और स्टॉफ की मानवीय संवेदनाएं मर चुकी हैं । इलाज करने से पहले मरीजों से दुर्व्यवहार किया जाता है तथा जांच के नाम पर टालामटोली की जाती है ।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि ललितपुर मेडीकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में पिछले दिनों मरीजों की जांच करके यह पता लगाया जाये कि जिन मरीजों को पिछले दिनों रिफर किया गया है क्या वो वास्तव में रिफर योग्य थे कि नहीं।
उन्होंने प्रदेश सरकार के साथ-साथ जिला प्रशासन से मांग की कि मेडीकल कॉलेज में व्याप्त घोर अव्यवस्थाओं पर अंकुश लगाकर मात्र रिफर सेन्टर बनने से रोका जाये अन्यथा बु. वि. सेना उग्र आन्दोलन छेड़ने को बाध्य हो जायेगी।
बैठक में बु.वि. सेना के वरिष्ठ कार्यकर्ता राजमल बरया , कदीर खां , राजकुमार कुशवाहा , अमरसिंह बुन्देला , मुन्ना महाराज त्यागी, प्रदीप पंडित , अमित कुमार , मिलन चौहान , जितेन्द्र विश्वकर्मा , देवेन्द्र राजा , प्रेमशंकर गुप्ता , अमित साहू , पंचमलाल झा , रामप्रकाश झा , कल्पना राजपूत , भैय्यन कुशवाहा , गौरव विश्वकर्मा , कामता शर्मा , जगदीश झा , देवेन्द्र राठौर , अखलेश राजपूत , प्रदीप शर्मा , चंदर सिंह , सोहन राजपूत , टिंकू सोनी , प्रदीप सोनी , अमित जैन , छोटू कुशवाहा , कैलाश झा , गफूर पेन्टर , संतोष सोनी , पंकज जैन आदि उपस्थित रहे
।
जय जय बुन्देलखणड
हरीश कपूर टीटू
प्रमुख
बु. वि. सेना ललितपुर









