बस की खिड़की से बाहर निकाला सिर बना हादसे का कारण, ट्रक की चपेट में आने से महरौनी निवासी प्रमोद सेन की दर्दनाक मौत

महरौनी, ललितपुर।
टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर सोमवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में महरौनी निवासी एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। दिगौड़ा थाना क्षेत्र के पूनोल नाले के पास हरिओम कंपनी की बस और ट्रक की क्रॉसिंग के दौरान हुए इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महरौनी निवासी प्रमोद सेन पुत्र मूलचंद सेन झांसी से टीकमगढ़ जा रही हरिओम कंपनी की बस में यात्रा कर रहे थे। बताया जाता है कि यात्रा के दौरान उन्होंने बस की खिड़की से अपना सिर बाहर निकाला हुआ था। इसी बीच सामने से आ रहे ट्रक की बस से क्रॉसिंग हुई और ट्रक की चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर एकत्र हो गई। सूचना पर दिगौड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल एमपी-04 जीए-3919 नंबर के ट्रक को बम्होरी स्थित एक पेट्रोल पंप से बरामद कर जब्त कर लिया। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन टीकमगढ़ जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद मंगलवार दोपहर शव महरौनी लाया गया, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दर्दनाक हादसे से परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य