वार्ड-08 जुगपुरा में दो सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का हुआ भूमि पूजन

ललितपुर। नगर पालिका परिषद ललितपुर द्वारा नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में आज पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा एवं वार्ड पार्षद श्री उदय प्रताप सिंह द्वारा वार्ड नंबर-08 मोहल्ला जुगपुरा में दो सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया।
भूमि पूजन के दौरान पालिका अध्यक्ष ने सर्वप्रथम देवगढ़ रोड स्थित जया मेडिकल के बगल वाली गली में प्रस्तावित सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मोहल्लेवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। मोहल्लेवासियों ने बताया कि लंबे समय से सड़क का निर्माण न होने के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती थी तथा स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में असुविधा का सामना करना पड़ता था।
इसके उपरांत पालिका अध्यक्ष द्वारा वार्ड में स्थित मां अहिल्या बाई स्कूल के पीछे पत्रकार श्री अमित लखेरा के मकान की ओर जाने वाली सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया। इस दौरान वार्डवासियों ने विकास कार्यों के लिए पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने संबंधित अवर अभियंता एवं ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार सड़क, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर पार्षद उदय प्रताप सिंह, अवर अभियंता श्रीमती खुशबू खान, सेवानिवृत्त वरिष्ठ लिपिक रमाकांत तिवारी, पत्रकार श्री अमित लखेरा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य