सेवानिवृत्त शिक्षिका सावित्री साहू सम्मानित, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत,

महरौनी, ललितपुर।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौकी के तत्वावधान में आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह में महरौनी विकासखंड के पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार पुरोहित के वरिष्ठ प्रवक्ता, डायट झांसी पद पर पदोन्नत होने पर भव्य सम्मान किया गया। वहीं नवागत खंड शिक्षा अधिकारी नीतू वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षिका सावित्री साहू को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया तथा कक्षा 8 में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में राजकुमार पुरोहित ने कहा कि महरौनी ब्लॉक के शिक्षकों ने सदैव टीम भावना के साथ कार्य किया, जिसके कारण विकासखंड ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। वहीं नीतू वर्मा ने कहा कि वे अपने पूर्वाधिकारी के कार्यों से प्रेरणा लेकर महरौनी ब्लॉक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी।
पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी ने कहा कि राजकुमार पुरोहित के कार्यकाल में शिक्षकों को हमेशा सकारात्मक सहयोग मिला। उन्होंने सभी शिक्षक संगठनों से एकजुट होकर शिक्षा और शिक्षकों के हितों के लिए कार्य करने का आह्वान किया। अन्य वक्ताओं ने भी श्री पुरोहित के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया।
समारोह में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, एआरपी, नोडल संकुल, अभिभावक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सिंह चौहान ने किया, जबकि अंत में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक महेश चौहान ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।








