महरौनी, ललितपुर।
तहसील महरौनी में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। परवाने खतौनी में दर्ज न होना, वरासत, पैमाइश और अवैध कब्जे जैसे मामलों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लेखपालों, कानूनगों तथा आरके मुन्नीलाल का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी लेखपालों और राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि एक सप्ताह बाद वह पुनः तहसील का निरीक्षण करेंगे और यदि कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध उसी दिन कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भूमि विवाद, अवैध कब्जे और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर भेजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान बम्हौरी बहादुर सिंह निवासी हरीराम, दरौना निवासी रामेश्वर तथा दरौनी निवासी भैयन अहिरवार ने परवाना दर्ज न होने और अवैध धन की मांग किए जाने की शिकायत की।जिलाधिकारी ने इन मामलों की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश तहसीलदार महरौनी को दिए।
वहीं पड़वां निवासी मंजू पत्नी दरयाव सहरिया ने अपने लकवाग्रस्त पति का नाम अन्त्योदय राशन कार्ड में जोड़ने का अनुरोध किया, ताकि आयुष्मान कार्ड बन सके और उपचार कराया जा सके। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में महरौनी तहसील में कुल 113 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जनशिकायतों में राजस्व विभाग की 37, पुलिस से संबंधित 07, विकास से संबंधित 19, चकबंदी की 05, पूर्ति विभाग की 24, विद्युत विभाग की 03, नगर पंचायत की 07, अन्य विभागों की 11 शिकायतें प्राप्त हुई, इस प्रकार जिले की सभी पांच तहसीलों में कुल 250 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 31 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी महरौनी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, जिला बंदोबस्त अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, समस्त थानों के थानाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।










