महरौनी (ललितपुर)।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महरौनी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, पैथोलॉजी, प्रसूता केंद्र सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उपचार के लिए आए लोगों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार, आवश्यक दवाएं तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल की सेवाओं को नियमित एवं सुचारु रूप से संचालित रखने पर भी विशेष जोर दिया।
डॉ. वीरेंद्र सिंह ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए तथा प्रसूता केंद्र, इमरजेंसी सेवाओं एवं पैथोलॉजी की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर शासन की मंशा के अनुरूप जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवधेश यादव, डॉ. सुंदर सिंह, डॉ. एस.के. गुप्ता, डॉ. राजेंद्र भूषण पटैरिया सहित समस्त स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।










