महरौनी,ललितपुर।
जुलाई माह के अंतिम शनिवार को विकासखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) महरौनी में खंड शिक्षा अधिकारी नीतू वर्मा की अध्यक्षता में सभी प्रधानाध्यापकों एवं एआरपी की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में नवीन प्रवेश, अपार आईडी, फैमिली आईडी, ईको क्लब, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, नवोदय विद्यालय प्रवेश आवेदन, स्कूल चलो अभियान तथा विद्यालयों के जर्जर भवनों की स्थिति सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। खंड शिक्षा अधिकारी नीतू वर्मा ने सभी कार्यक्रमों की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी संचालन करते हुए प्रत्येक पात्र छात्र को उनका लाभ दिलाना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में एआरपी संजीव तिवारी, शाहिद खान, सीताराम साहू, अश्वनी अवस्थी एवं शुभम जैन सहित समस्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, सभी पटल प्रभारी तथा बीआरसी स्टाफ उपस्थित रहा।









