मड़ावरा। मड़ावरा क्षेत्र के रंनगाव स्थित प्राथमिक विद्यालय में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मदनमोहन गुप्ता ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, साफ-सफाई, मध्यान्ह भोजन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।
एसडीएम मदनमोहन गुप्ता ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली और विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छता बनाए रखने, नियमित पठन-पाठन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विद्यालय स्टाफ को व्यवस्थाओं में सुधार लाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।









