बैरवारा में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

महरौनी,ललितपुर।
तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैरवारा में मंगलवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। कथा से पूर्व श्री राम-जानकी मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो गांव के प्रमुख मंदिरों का भ्रमण करते हुए पुनः कथा स्थल पहुंची। वहां विधि-विधान से पूजन के बाद श्रीमद्भागवत ग्रंथ की स्थापना की गई।
प्रथम दिवस कथा व्यास अभयेश्वर प्रपन्नाचार्य महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत भगवान श्रीकृष्ण का साहित्यिक स्वरूप है। इसके श्रवण से मन की शुद्धि होती है, भक्ति दृढ़ होती है तथा जन्म-जन्मांतर के पापों से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि राजा परीक्षित ने भी भागवत कथा का श्रवण कर मोक्ष प्राप्त किया था, जो इसकी महिमा का सर्वोत्तम उदाहरण है।
कथा के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कथा स्थल पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।








