ललितपुर। आदर्श समायोजित शिक्षक/शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश कुमार से मुलाकात कर पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष भगवत सिंह बैस के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षा मित्रों के स्थानांतरण और समय से मानदेय भुगतान की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की कि शिक्षा मित्रों के स्थानांतरण एवं समायोजन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर उन्हें उनके मूल विद्यालय अथवा उनके पति के निवास के निकट तैनाती दी जाए। साथ ही वर्षों से समय पर मानदेय न मिलने की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए प्रत्येक माह की पहली तारीख तक भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
शिक्षा मित्रों ने ऑनलाइन आवेदन करने वाले शिक्षामित्रों को जल्द बीमा कार्ड उपलब्ध कराने तथा स्टेट बैंक में वेतन खाता खुलवाने की सुविधा के लिए प्रत्येक ब्लॉक में एक दिन निर्धारित करने की भी मांग की, ताकि बैंक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में खाते आसानी से खोले जा सकें।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भगवत सिंह बैस, जिला प्रभारी सुदामा प्रसाद दुबे, अशोक कुमार अहिरवार, राघवेंद्र सिंह चौहान, नीलम तिवारी, मालती राजपूत, नीतू तिवारी, अशोक परिहार, हाकिम पाल, दीपक तिवारी, दिनेश कुमार सिंह राजपूत, रामनिवास दुबे, गणेश राम अहिरवार, शिवचरण अहिरवार, हरिओम राजपूत, राजेंद्र कुशवाहा, महेंद्र राजपूत, प्यारे राजा, राजकुमार यादव सहित कई शिक्षा मित्र उपस्थित रहे।









