मड़ावरा (ललितपुर)। मड़ावरा ब्लॉक के ग्राम पटना में 16 जुलाई को आए तेज आंधी-तूफान और गड़गड़हट के कारण प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर पंप के पैनल क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में किसान बृजेश पुत्र रमेश का नुकसान हो गया है।
जानकारी के अनुसार, तेज हवा और खराब मौसम के चलते सोलर पैनलों को क्षति पहुंची, जिससे सोलर पंप बंद हो गया। इसके कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो गई है और किसान के सामने फसल को समय पर पानी देने का संकट उत्पन्न हो गया है।
पीड़ित किसान ने बताया कि सोलर पंप बंद होने से सिंचाई कार्य रुक गया है, जिससे फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने शासन-प्रशासन से क्षतिग्रस्त सोलर पैनलों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों का सर्वे कराकर उन्हें जल्द राहत उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी खेती प्रभावित न हो।










