सिंचाई कैबनेट मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह को सौंपा ज्ञापन

महरौनी, ललितपुर।
महरौनी तहसील अंतर्गत ग्राम छपरट के ग्रामीणों ने भौरट बांध परियोजना से उत्पन्न समस्याओं को लेकर सिंचाई कैबनेट मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र मुआवजा एवं पुनर्वास की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि भौरट बांध का निर्माण वर्ष 2008 से चल रहा है। बांध में पानी भरने के कारण गांव के किनारे तक जलभराव हो गया है, जिससे अनेक मकानों में सीलन और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो गई है। कई घर क्षतिग्रस्त होकर गिरने की स्थिति में पहुंच चुके हैं, जिससे ग्रामीणों के जान-माल एवं पशुधन पर खतरा मंडरा रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि लंबे समय से पुनर्वास न होने के कारण ग्रामीण मानसिक तनाव में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। गांव की इस स्थिति के चलते युवाओं के विवाह संबंध भी प्रभावित हो रहे हैं तथा बच्चों में भी भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों से कई बार शिकायत करने पर उन्हें यह कहकर आश्वासन दिया जाता है कि बांध परियोजना के लिए अभी बजट आवंटित नहीं हुआ है। बजट मिलने के बाद ही मुआवजा और पुनर्वास की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने सिंचाई मंत्री से मांग की है कि भौरट बांध परियोजना के लिए शीघ्र बजट जारी कर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा एवं सुरक्षित स्थान पर आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे भयमुक्त होकर सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें और वर्षों से चली आ रही उनकी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ज्ञापन पर जगदीश सिंह निरंजन, संजीव कुमार, जाहर सिंह, शैलेन्द्र साहब, ऋषि यादव, राजेंद्र सिंह, सुजान सिंह, राहुल, रामकुमार, चंद्रभान यादव, आशाराम,प्रीतम सिंह, रामदीन, मुन्ना लाल, विशन, दिनेश, अरविंद्र कुमार, रामकुमार, दिनेश, राजेश, कपूरनाथ, राकेश कुमार, जय सिंह, जयराम प्रकाश, जयसिंह, अर्जुन, महेंद्र कुमार, अजय कुमार, मनीराम सहित दर्जनो ग्रामीणों के हस्ताक्षर एवं अंगूठा निशानी अंकित रहे!








