बड़ागाँव घसान। शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बड़ागाँव घसान में प्राचार्य रामनरेश सिंह राजपूत के निर्देशन में शैक्षिक संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा की समसामयिक एवं गुणवत्तापूर्ण रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रभावी शैक्षणिक वातावरण निर्माण पर विशेष बल दिया गया।

उप प्राचार्य सत्येन्द्र कुमार यादव ने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास को विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी शिक्षकों से समर्पण एवं नवाचार के साथ कार्य करने का आह्वान किया। शिक्षक शुभम जैन ने विद्यालय के विजन एवं मिशन पर प्रकाश डालते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की शिक्षिकाएँ प्रीति जैन एवं सुश्री सृष्टि द्विवेदी के स्थानांतरण पर भावभीना विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। उपस्थित सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त करते हुए विद्यालय में उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नव नियुक्त शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं का आत्मीय स्वागत किया गया तथा उनसे विद्यालय की प्रगति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक सुनील कुमार जैन ने किया, जबकि अंत में शिक्षक राजेश कुमार जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।








