अगोरा में रहस्यमयी घटना: किसान की गाय रोज आधी रात मुंह से उगल रही मांस जैसी दो गोलियां, ग्रामीणों में दहशत

दैवीय संकेत या चिकित्सकीय कारण? पशु चिकित्सकों की सलाह के बाद भी नहीं सुलझी पहेली

महरौनी (ललितपुर)।
महरौनी तहसील के ग्राम अगोरा में एक गाय से जुड़ी रहस्यमयी घटना इन दिनों ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव के एक किसान की गाय पिछले करीब 18 दिनों से प्रतिदिन रात लगभग 12 बजे मुंह से प्याज के आकार की मांस जैसी दो गोलियां उगल रही है। इस असामान्य घटना को लेकर ग्रामीण तरह-तरह की आशंकाएं व्यक्त कर रहे हैं। कुछ लोग इसे दैवीय संकेत मान रहे हैं, जबकि अन्य इसके पीछे किसी चिकित्सकीय कारण की संभावना जता रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अगोरा निवासी किसान तिलक सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह लगभग तीन माह पूर्व हरियाणा से एक गाय खरीदकर लाए थे। करीब 18 दिन पहले गाय ने एक स्वस्थ बछिया को जन्म दिया। किसान का कहना है कि बछिया के जन्म के बाद से ही गाय प्रतिदिन रात ठीक 12 बजे मुंह से प्याज के आकार की मांस जैसी दो गोलियां बाहर निकालती है। इन गोलियों पर छोटे-छोटे रोम (बाल) भी दिखाई देते हैं।
किसान ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान करन सिंह सहित अन्य ग्रामीणों को दी। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग गाय को देखने पहुंचने लगे। कई ग्रामीण इसे किसी दैवीय आपदा अथवा गांव पर आने वाले संकट का संकेत मान रहे हैं।
ग्रामीणों की सलाह पर गाय और उसकी बछिया को स्थानीय श्री राम राजा मंदिर परिसर में बांध दिया गया, लेकिन वहां भी प्रतिदिन रात लगभग 12 बजे वही घटना दोहराई जा रही है। किसान का कहना है कि पशु चिकित्सकों से भी संपर्क किया गया, किंतु अब तक इस रहस्यमयी स्थिति का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है।
फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर अनेक तरह की चर्चाएं और कयास लगाए जा रहे हैं। ग्रामीण आसपास के पशु चिकित्सकों एवं पशु विशेषज्ञों से लगातार सलाह ले रहे हैं।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर इस रहस्यमयी घटना का वैज्ञानिक और सटीक कारण क्या निकलकर सामने आता है।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य