पीड़ित परिवार का आरोप—पहले झोपड़ी में लगाई थी आग, कई शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, अब पत्नी पर जानलेवा हमला

महरौनी (ललितपुर)। महरौनी तहसील के ग्राम गोंना में जमीनी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। गांव के एक परिवार की महिला पर कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल महिला को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित के भाई ने बताया कि गांव में लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर पहले भी दबंगों ने उनकी झोपड़ी में आग लगा दी थी। उस समय भी पुलिस को कई बार शिकायती पत्र दिए गए, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए।
पीड़ित के अनुसार, काशीराम, हरिराम और रतिराम ने पुराने जमीनी विवाद को लेकर उसकी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद घायल महिला को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, पीड़ित ने महरौनी कोतवाली प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शिकायत के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने पहले की शिकायतों पर कार्रवाई की होती, तो आज यह गंभीर घटना नहीं होती।








