आज दिनांक 27 जून 2026 को नगर पालिका परिषद, ललितपुर के सभाकक्ष में पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा की अध्यक्षता एवं अधिशासी अधिकारी श्री दिनेश कुमार विश्वकर्मा की उपस्थिति में “पीएम स्वनिधि योजना के 06 वर्ष पूर्ण होने पर स्वनिधि महोत्सव – उत्साह, सम्मान एवं स्वाभिमान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पथ विक्रेताओं के संघर्ष, आत्मविश्वास एवं सफलता का सम्मान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि योजना से लाभान्वित पथ विक्रेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें योजना से जुड़कर अन्य पात्र लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने कहा कि भारत सरकार की पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के अंतर्गत व्यवसाय प्रारम्भ एवं सशक्त बनाने हेतु बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे हजारों परिवारों की आजीविका को मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि समय पर ऋण अदायगी करने वाले लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत आगे की किस्तों में अधिक ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें।
कार्यक्रम में ऐसे लाभार्थियों का विशेष रूप से सम्मान किया गया जिन्होंने योजना का सफल क्रियान्वयन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त प्राप्त की तथा अपने परिश्रम और आत्मविश्वास से सफलता की नई मिसाल स्थापित की। उन्हें “पथ विक्रेताओं के संघर्ष, आत्मविश्वास और सफलता का उत्सव” के अंतर्गत प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अवर अभियंता खुशबू खान, सिटी मैनेजर डूडा राकेश त्रिपाठी, पार्षद मुस्तफा खान, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, रामानंदन सेन, अरविन्द राजा सहित पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








