बरसात में जलभराव और गर्मियों में पानी की किल्लत से जूझ रहे वार्डवासी, जल्द समाधान कराने की मांग

ललितपुर। मोहल्ला सिद्धनपुरा वार्ड नंबर-1 में निर्देश कॉन्वेंट स्कूल के पीछे के निवासियों ने मोहल्ले में व्याप्त सड़क, नाला एवं पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। मोहल्लावासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि मोहल्ले में आज तक नाला और सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया है। इसके चलते बरसात के दिनों में क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। सड़कों पर कीचड़ और गंदा पानी भर जाने से लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है तथा स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। मोहल्लावासियों ने चिंता जताई कि यदि समय रहते नाला निर्माण व सी सी रोड नहीं डाला गया गया तो आगामी बरसात में स्थिति और भी विकट हो सकती है।
ज्ञापन में पेयजल समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया है। क्षेत्रवासियों के अनुसार मोहल्ले में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। गर्मी के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा लोगों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। महिलाओं और बच्चों को रोजाना पानी की व्यवस्था करने में काफी दूर से पानी भरकर लाना पड़ता है।
मोहल्लावासियों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल कोरे आश्वासन ही मिले हैं। क्षेत्र में न तो सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ और न ही पेयजल व्यवस्था में कोई सुधार किया गया।
क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सिद्धनपुरा में सीसी रोड और नाला निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाये तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, ताकि वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और उन्हें रोजमर्रा की समस्याओं से राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर सोशल मीडिया प्रभारी संजय अहिरवार, तिरुपति रावत सरोज, सलमा, रानी, धनुष, जशोदा, भारती, पिस्ता, नीता शर्मा, प्रिंस, स्वरूप सिंह लोधी एवं बड़ी संख्या में मोहल्लावासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।








