महरौनी,ललितपुर।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विशेष जनकल्याणकारी अभियान के तहत गुरुवार को विकास खंड महरौनी की ग्राम पंचायत पड़वां में खंड विकास अधिकारी आजम अली की अध्यक्षता में चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ललितपुर के निर्देशानुसार सहरिया समुदाय के उन बच्चों को जन्म प्रमाणपत्र वितरित किए गए, जिनके आधार कार्ड नहीं बन पाने से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो रही थी। इस दौरान 21 बच्चों को जन्म प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। जन्म प्रमाणपत्र प्राप्त कर बच्चों एवं अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्रतानुसार लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
चौपाल में ग्रामीणों ने सहरिया बस्ती एवं अन्य मोहल्लों की नालियों की वर्षा पूर्व सिल्ट सफाई कराने की मांग उठाई। वहीं खुमान सहरिया एवं दरयाव सहरिया के लिए दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कराने तथा दरयाव के आयुष्मान कार्ड में सुधार कराने की मांग भी रखी गई। गुड्डी सहरिया ने अपनी पुत्री के विवाह का निमंत्रण पत्र सौंपते हुए विवाह अनुदान दिलाने का अनुरोध किया। श्रम विभाग में पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने पर बीडीओ ने विभागीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी हंसराज सिंह, ग्राम रोजगार सेवक अवधेश दुबे, सोनूराजा प्रतिनिधि प्रधान प्रशासक, सोशल ऑडिट ब्लॉक कोऑर्डिनेटर धनीराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








