महरौनी (ललितपुर)।
नगर के टीकमगढ़ रोड स्थित श्री अखंडधाम आश्रम में गौसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिल रहा है। आश्रम में निवासरत महात्मा अघट युक्ति आनंद गौमाता की सेवा को मातृसेवा के समान मानते हुए पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ उनका पालन-पोषण कर रहे हैं।
आश्रम में गौवंश के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित आवास, पौष्टिक आहार तथा शुद्ध पेयजल कुलर व संगीत की समुचित व्यवस्था की गई है। महात्मा जी स्वयं प्रतिदिन गायों को चारा खिलाने, उनकी देखरेख करने तथा गोशाला की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय रहते हैं। विशेष रूप से वे गायों की नियमित मालिश कर उनके स्वास्थ्य का भी ध्यान रखते हैं।
महात्मा अघट युक्ति आनंद की सेवा भावना से प्रभावित होकर आश्रम आने वाले श्रद्धालु इसे भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का जीवंत उदाहरण मानते हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उनकी गौसेवा समाज में करुणा, संवेदना और जीवों के प्रति दया का संदेश प्रसारित कर रही है तथा गौसंरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक कर रही है।








