ललितपुर के युवा डांसर, पॉडकास्ट होस्ट एवं कंटेंट क्रिएटर आयुष्मान बड़ौनिया ने एडवांसमेंट कैंप के माध्यम से विश्व के विभिन्न देशों के 6 इंटरनेशनल डांस आर्टिस्ट के साथ विशेष पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर एक नई उपलब्धि हासिल की है। इन पॉडकास्ट्स में ब्राजील, कजाखस्तान, जापान, बेलारूस सहित विभिन्न देशों के प्रसिद्ध डांस कलाकारों ने भाग लिया। बातचीत के दौरान कलाकारों ने अपनी डांस यात्रा, संघर्ष, प्रशिक्षण की तकनीक, सांस्कृतिक अनुभव, अंतरराष्ट्रीय डांस इंडस्ट्री की चुनौतियों एवं सफलता के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। आयुष्मान बड़ौनिया ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारत के डांसर्स और युवा कलाकारों को दुनिया के श्रेष्ठ कलाकारों के अनुभवों से जोड़ना तथा उन्हें वैश्विक स्तर की जानकारी, मार्गदर्शन और प्रेरणा प्रदान करना है। उनका मानना है कि ऐसे संवाद भारतीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय अवसरों और नए दृष्टिकोण से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड किए गए सभी पॉडकास्ट शीघ्र ही विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किए जाएंगे, जिससे देशभर के डांसर्स, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों को विश्वस्तरीय अनुभवों से सीखने का अवसर प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान बड़ौनिया वर्तमान में डांस, शिक्षा और पॉडकास्टिंग के माध्यम से भारतीय डांस समुदाय को वैश्विक मंच से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कुल 29 पॉडकास्ट रिकॉर्ड किए हैं, जिनमें 6 इंटरनेशनल डांस आर्टिस्ट की विशेष सहभागिता रही है। यह उपलब्धि ललितपुर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।









