आग की भयावहता देखकर गोदाम संचालक बेहोश, पांच दमकल गाडिय़ों ने 30 से अधिक बार भरा पानी
ललितपुर। शहर के झांसी मार्ग स्थित नवीन गल्ला मंडी के सामने एक सेनिटरी और टाइल्स गोदाम में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसे पूरी तरह बुझाने में दमकल विभाग को करीब 12 घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी। इस अग्निकांड में गोदाम में रखा तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का टाइल्स, सेनिटरी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और देर रात से लेकर रविवार सुबह तक बचाव एवं राहत कार्य चलता रहा। घंटाघर निवासी आकाश गुप्ता का झांसी रोड पर नवीन गल्ला मंडी के सामने सेनिटरी एवं टाइल्स का बड़ा गोदाम है। शनिवार रात करीब 9.30 बजे वह रोजाना की तरह गोदाम बंद कर अपने घर चले गए थे। लगभग आधे घंटे बाद रात करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके गोदाम से धुआं और आग की लपटें निकल रही हैं। सूचना मिलते ही आकाश गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को जानकारी दी। आग की भयावह स्थिति देखकर वह सदमे में आ गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जाता है कि वह बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
दमकल की शुरुआती कोशिशें नाकाम, बढ़ती गई आग
घटना की सूचना पर दमकल विभाग की दो गाडिय़ां तत्काल मौके पर पहुंचीं, लेकिन गोदाम के अंदर रखे भारी मात्रा में ज्वलनशील पैकिंग सामग्री और अन्य सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं और आसपास के व्यापारियों तथा स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। गोदाम के भीतर पानी पहुंचाने में दिक्कत होने के कारण जेसीबी मशीन बुलाकर गोदाम की दीवार तोड़ी गई, ताकि अंदर तक पानी डाला जा सके।
बजाज पावर प्लांट और महरौनी से बुलानी पड़ी अतिरिक्त दमकल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त संसाधन जुटाए। आग बुझाने के लिए बजाज पावर प्लांट और महरौनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए। कुल पांच दमकल गाडिय़ों ने मोर्चा संभाला और लगातार कई घंटों तक आग बुझाने का अभियान चलाया। दमकल कर्मियों ने 30 से अधिक बार पानी भरकर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया। रातभर चले अभियान के बाद रविवार सुबह आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका









