ललितपुर। शासन के निर्देशानुसार जनपद के आकांक्षात्मक विकास खण्ड मड़ावरा के विभिन्न संकेतांकों पर माह फरवरी से अप्रैल 2026 तक की प्रगति की समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने शासन द्वारा आंकाक्षी ब्लॉक के लिए निर्धारित सभी इंडीकेटर्स की समीक्षा की और निर्देश दिये कि नीति आयोग द्वारा मड़ावरा विकास खण्ड के लिए जो इंडीकेटर्स निर्धारित किये गए है, उन पर शत-प्रतिशत प्रगति हासिल करें, जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं हैं वे आगामी माह में प्रगति सुधारें। उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक विकास खण्डों की समीक्षा नीति आयोग द्वारा की जाती है, कम प्रगति वाले विभाग निर्धारित समय में अपेक्षित प्रगति करना सुनिश्चित करें अन्यथा शासन स्तर से कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिये कि वे मड़ावरा विकास खण्ड के ऐसे गांवों को चिन्हित करें जहां सरकारी योजनाओं के आच्छादन का प्रतिशत सबसे कम है और सम्बंधित विभागों से समन्वय करते हुए वहां लाभार्थियों के चिन्हीकरण के लिए कैम्प लगवायें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे मड़ावरा से सम्बंधित अपने-अपने विभाग के लाभार्थियों की सूची प्रस्तुत करें, जिसके आधार पर छूटे हुए लाभार्थियों का चिन्हीकरण किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, राशन, पेंशन, मनरेगा सहित सभी योजनाओं के कैम्पों का आयोजन कराने के निर्देश दिये।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह, डीसी मनरेगा रमेश कुमार यादव, पीडी डीआरडीए दीपक कुमार यादव, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ भगवान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी कुॅवर सिंह यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह, उप निदेशक कृषि, अधिशासी अभियंन्ता लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।









