ललितपुर। शहर के हर्दीला क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने मोहल्ले में संचालित शराब की दुकान को हटाकर प्रस्तावित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। छात्रों का कहना है कि शराब की दुकान मुख्य मार्ग और टैक्सी स्टैंड के सामने स्थित होने के कारण उन्हें आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के अधिकांश छात्र-छात्राएं रोजाना पढ़ाई और कोचिंग के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं। शराब की दुकान के कारण माहौल प्रभावित हो रहा है तथा शाम के समय वहां शराबियों की भीड़ लगने से छात्राओं और महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
छात्रों ने यह भी बताया कि दुकान के पास ही मंदिर और टैक्सी स्टैंड स्थित है, जिससे सामाजिक और धार्मिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से कई अभिभावकों ने बच्चों का अकेले आना-जाना भी बंद कर दिया है।
छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि शराब की दुकान को प्रस्तावित स्थान (सिवनी वाला) पर जल्द स्थानांतरित कराया जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण बना रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, जिला आबकारी अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को भी भेजी गई है।









