तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के म्यांव गांव में मंगलवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मां-बेटे के शव कुएं में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार म्यांव गांव निवासी रानी कुशवाहा (25) पत्नी जाहर कुशवाहा अपने तीन वर्षीय पुत्र व्योम के साथ पिछले करीब एक माह से मायके में रह रही थी। मंगलवार को दोनों के शव गांव के एक कुएं में पड़े मिले। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर तालबेहट पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में बताया गया कि अपना इलाज कराने के लिए ग्वालियर जाती थी और अंधेरे में कुएं में गिरने से मौत की संभावना है।
इस संदर्भ में सीओ आशीष मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ससुराल पक्ष पर कोई आरोप नहीं है। जो भी तथ्य निकलेंगे उसकी जांच की जाएगी।









