महरौनी,ललितपुर।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता को लेकर कोतवाली पुलिस द्वारा सशक्त नारी सुरक्षा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कस्बा के मुख्य बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में अवगत कराते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं साइबर अपराध से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान बाजार में आने-जाने वाली महिलाओं, दुकानदारों एवं छात्राओं से संवाद स्थापित कर उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी समस्याएं साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। महिला पुलिस कर्मियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस द्वारा चलाए गए इस जागरूकता अभियान को लेकर लोगों ने सराहना व्यक्त की। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।









