*नगर पालिका टीम के साथ वार्ड नंबर 06 मोहल्ला रामनगर एवं खिरकापुरा क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर (एमआरएफ), सार्वजनिक शौचालय, सुरईघाट शमशान घाट एवं कम्पोजिट यूनिट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया*

नगर पालिका परिषद, ललितपुर की अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 22 मई 2026 को नगर पालिका टीम के साथ वार्ड नंबर 06 मोहल्ला रामनगर एवं खिरकापुरा क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर (एमआरएफ), सार्वजनिक शौचालय, सुरईघाट शमशान घाट एवं कम्पोजिट यूनिट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत एमआरएफ सेंटर से हुई, जहां अध्यक्ष महोदया ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उन्होंने मटेरियल रिकवरी के लिए संचालित मशीनों को चालू कराकर कार्यप्रणाली को देखा तथा संबंधित ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि मशीनों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सेंटर पर तैयार की जा रही सामग्री एवं वहां खड़े वाहनों का भी निरीक्षण किया गया।
इसके बाद अध्यक्ष ने मोहल्ला खिरकापुरा स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाए जाने पर संबंधित सफाई निरीक्षक को तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खिरकापुरा कॉलोनी में निवास कर रहे नागरिकों से बातचीत करते हुए अध्यक्ष महोदया ने साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य नायक को निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
सुरईघाट शमशान घाट के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष सोनाली जैन ने वहां लगी हाईमास्ट लाइट, पानी की टंकी एवं नलों की व्यवस्था का जायजा लिया। सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित पाई गईं। उन्होंने निर्देश दिए कि अर्थी चबूतरे का विस्तार किया जाए तथा पेड़ों की छंटाई एवं साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए।
शमशान घाट के पीछे बने कम्पोजिट यूनिट का निरीक्षण करते हुए अध्यक्ष महोदया ने खाद निर्माण कार्य को भी देखा, जहां मौके पर खाद तैयार होती पाई गई। उन्होंने इस कार्य की सराहना करते हुए इसे और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां चिन्हित की गई हैं, उनका तत्काल निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुन्नालाल जैन, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव, वरिष्ठ लिपिक हबीब खान, डीपीएम दीपक कुमार, नजूल लिपिक सुधीर रावत, हेड सुपरवाइजर संजय कुमार, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू सहित पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य