*रोड़ा और मसौरा बैरियल से हटाए जाएंगे अवैध रूप से खड़े ट्रक*

*नए बस अड्डे पर शिफ्ट करने के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश*
*न्यू टाउन रेलवे स्टेशन से हाईवे तक आने वाले ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए किया स्थलीय निरीक्षण*
ललितपुर। जनपद में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा हेतु जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने गुरुवार को कलैक्ट्रेट में सम्बंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये।
बैठक में जिलाधिकारी ने मसौरा बैरियल पर हुई दुर्घटनाओं पर घोर नाराजगी जताते हुए दुर्घटना बहुल्य क्षेत्र रौंडा और मसौरा के पास खड़े होने वाले ट्रक और अन्य वाहनों को हटाने के निर्देश दिए ताकि दुर्घटनाओं में कमी आए, साथ ही नए बस अड्डे पर बस स्टैंड के संचालन हेतु शिफ्ट करने की कार्यवाही त्वरित गति से करने के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्यमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी करें और ब्लैक स्पॉट्स पर भी कैमरे लगवाएं।
विगत माह मसौरा बेरियल हुई दुर्घटनाओं पर सख्त नाराजगी जताते हुए पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिए कि केवल चलन करने से काम नहीं चलेगा, बैरियल पर अवैध रूप से खड़े होने वाले ट्रकों व अन्य वाहनों को सख्ती से हटवाए और हाईवे को क्लियर कराएं और यदि कोई गलत साइड से आता है तो तत्काल चालान करें। इसके अलावा दुर्घटना बहुल्य क्षेत्रों की 24 घंटे कैमरों से निगरानी की जाए, जिससे दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित को तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ दुर्घटना बहुल्य क्षेत्र न्यू टाउन रेलवे स्टेशन के पास हाई वे का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर न्यू टाउन स्टेशन से हाई वे के तरफ बनने वाले मार्ग से दुर्घटना की संभावनाएं बढ़ जाएंगी, जिले दृष्टिगत जिलाधिकारी ने एनएचएआई के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गए कि यहां पर संकेतक और साइनेज बोर्ड, रिफ्लेक्टिव टेप, पेड़ों पर जीआई रिफ्लेक्टिव शीट, ब्रेकर, टेबल टॉप बनवाये जायें तथा डिवाइडर पर रिफ्लेक्टिव टेप लगवाये जाएं,साथ ही नेशनल हाईवे-44 पर सभी अवैध कटों को चिन्हित कर पूर्ण रुप से बंद कराया जाए।
उन्होंने टीएसआई को निर्देशित किया कि सवारी वाहनों जैसे टैक्सी, टेम्पो, ई रिक्शा आदि के लिए यातायात को प्रबंधित किया जाए ताकि दुर्घटना न हो। निर्धारित रुट पर चलवाया जाए, ताकि जाम की समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मो0 मुश्ताक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ इम्तियाज अहमद, जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अर्पित जैन, एआरटीओ विपिन चौधरी, अधिशासी अभियंता लो0नि0वि0 विजय चन्द्रा, आईरेड प्रभारी एनआईसी नरेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।








