महरौनी, ललितपुर।
तहसील बार एसोसिएशन महरौनी ने उत्तर प्रदेश में अधिवक्ताओं के साथ हुई कथित अमानवीय घटनाओं एवं पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को न्यायालयीन कार्यों का बहिष्कार किया। इस संबंध में बार एसोसिएशन द्वारा उपजिलाधिकारी महरौनी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि 17 मई 2026 को सहारनपुर जनपद में अधिवक्ताओं पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया गया तथा उनके चेंबरों को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि इस घटना से प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है और इसे न्याय व्यवस्था पर हमला माना जा रहा है।
तहसील बार एसोसिएशन महरौनी के पदाधिकारियों ने घटना के विरोध में 21 मई 2026 को न्यायालयीन कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया। अधिवक्ताओं ने मांग करते हुए कहा कि दोषी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए तथा क्षतिग्रस्त चेंबरों का पुनर्निर्माण शासन स्तर से कराया जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू किया जाए, जिससे अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
यह ज्ञापन तहसील बार एसोसिएशन महरौनी के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों की ओर से सौंपा गया।









