नगर पालिका ललितपुर द्वारा वार्ड नं 6 मोहल्ला रामनगर में कराया जा रहा नाली निर्माण

नगर पालिका परिषद, ललितपुर द्वारा शहरवासियों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने, नगर के सौन्दर्यीकरण एवं साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 21 मई 2026 को मा० पालिका अध्यक्ष महोदया श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने वार्ड नंबर 06 मोहल्ला रामनगर में चल रहे नाला निर्माण कार्य, नव निर्मित सड़कों एवं कल्याण सिंह सभागार परिसर में बनाए गए शौचालयों का नगर पालिका टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष महोदया ने सर्वप्रथम रामनगर ऑडिटोरियम के पीछे निर्माणाधीन नाले का जायजा लिया तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। मोहल्लेवासियों ने बताया कि वर्षों से नाला निर्माण न होने के कारण बरसात के समय घरों में पानी भर जाता था, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब नाला निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। स्थानीय नागरिकों ने अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराने की मांग रखी, जिस पर अध्यक्ष सोनाली जैन ने जल्द ही कार्य पूर्ण कराए जाने का आश्वासन दिया।
इसके पश्चात अध्यक्ष ने गल्ला मंडी के सामने स्थित कॉलोनी में नव निर्मित सड़कों का निरीक्षण किया। वार्डवासियों ने बताया कि पहले सड़कें न होने के कारण लोगों को कीचड़ एवं जलभराव के बीच आवागमन करना पड़ता था, लेकिन अब नई सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम एवं सुरक्षित हो गया है। क्षेत्रीय नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए नगर पालिका एवं अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड की एक महिला द्वारा सड़क निर्माण एवं जलभराव की समस्या से अध्यक्ष महोदया को अवगत कराया गया। इस पर अध्यक्ष महोदया स्वयं महिला के घर पहुंचीं, समस्या का मौके पर निरीक्षण किया तथा भरोसा दिलाया कि बरसात से पूर्व हर हाल में समस्या का समाधान कराया जाएगा। साथ ही संबंधित सफाई निरीक्षक को वार्ड में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए तथा चेतावनी दी गई कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इसके उपरांत अध्यक्ष ने मा० कल्याण सिंह सभागार परिसर में नव निर्मित महिला एवं पुरुष शौचालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, वार्ड नंबर 06 पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य