भक्त केवट जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

महरौनी, ललितपुर।

नगर में भक्त केवट जयंती समारोह हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं धार्मिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। सकल रैकवार केवट निषाद मछुआ समुदाय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस अवसर पर नगर के सद्भावना मंच पर भगवान श्रीराम की आरती उतारी गई तथा समाज के प्रबुद्धजनों ने भक्त केवट के जीवन चरित्र, त्याग एवं भगवान राम के प्रति उनकी अटूट भक्ति पर प्रकाश डाला।

गोष्ठी के उपरांत नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिला, पुरुष एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा का शुभारंभ प्राचीन किले स्थित हनुमान मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना एवं भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ हुआ। यात्रा रामलीला मैदान, मंडी रोड, इंदिरा चौराहा एवं मुख्य बाजार होते हुए पुराने सौजना रोड स्थित केवट नगर पहुंची, जहां प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

यात्रा के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुष्यंत बड़ोनिया ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर समाजजनों का स्वागत किया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं भक्त केवट राज की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नौका पर सुसज्जित यह झांकी भगवान राम और केवट प्रसंग को जीवंत कर रही थी, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके साथ ही समाज के गौरव प्रतीक एकलव्य, दशरथ मांझी एवं फूलन देवी के चित्र भी शोभायात्रा में शामिल रहे, जिन्होंने समाज के संघर्ष, साहस एवं आत्मसम्मान का संदेश दिया।

यात्रा में शामिल युवा धार्मिक एवं देशभक्ति गीतों की धुन पर उत्साहपूर्वक नृत्य करते नजर आए, वहीं महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में मंगलगीत गाते हुए चल रही थीं। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं सांस्कृतिक रंग में रंग गया।

कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि केवट समाज सदैव सामाजिक समरसता, सेवा एवं संस्कृति संरक्षण के लिए कार्य करता आया है। ऐसे आयोजन समाज की एकता एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह एवं शोभायात्रा को सफल बनाने में सकल रैकवार केवट समाज, युवा कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य