ललितपुर : शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में नगर पालिका परिषद, ललितपुर द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 15 मई 2026 को नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु नगर पालिका परिषद द्वारा 02 नए ट्रैक्टर, 11 डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन एवं 01 फॉगिंग हेतु टैक्सी वाहन को विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना उपरांत नगर सेवा के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर के ऐतिहासिक चन्द्रशेखर उद्यान पार्क (कम्पनी बाग) के सामने किया गया, जहां मा० अध्यक्ष महोदया श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुन्नालाल जैन, कर निर्धारण अधिकारी श्री राजेन्द्र प्रसाद, प्रभारी सफाई निरीक्षक श्री महेन्द्र सिंह यादव सहित पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल सफाई कराना नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक वार्ड एवं प्रत्येक गली तक बेहतर सफाई व्यवस्था पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नए वाहनों के जुड़ने से अब शहर की अन्य गलियों एवं मोहल्लों में भी डोर-टू-डोर कचरा वाहन आसानी से पहुंच सकेंगे, जहां पूर्व में वाहन नहीं पहुंच पाते थे। इससे नागरिकों को कचरा निस्तारण में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी तथा शहर में खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा।
उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक नगर पालिका के सफाई अभियान में सहभागी बनें तथा घरेलू कचरा केवल डोर-टू-डोर आने वाले वाहनों में ही डालें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं खाली प्लॉटों में कचरा फेंकना न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करता है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को भी जन्म देता है। नगर को स्वच्छ रखना केवल पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
वाहनों को रवाना करने के उपरांत अध्यक्ष महोदया द्वारा वार्ड संख्या 15 मोहल्ला गांधी नगर प्रथम, वार्ड संख्या 04 मोहल्ला गांधी नगर द्वितीय एवं चंडी मंदिर के पीछे स्थित शमशान घाट का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा साफ-सफाई, जल निकासी एवं अन्य व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था में कमियां पाए जाने पर अध्यक्ष महोदया ने संबंधित सफाई निरीक्षकों एवं स्वास्थ्य नायकों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देशित किया कि सभी कमियों को हर हाल में शाम तक पूर्ण कराया जाए तथा कार्य पूर्ण होने की फोटो सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नगरवासियों को सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि भविष्य में लापरवाही या शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता एवं निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा किसी भी समय किसी भी वार्ड का औचक निरीक्षण किया जा सकता है। साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर पार्षद श्री मनमोहन चैबे, कर निर्धारण अधिकारी श्री राजेन्द्र प्रसाद, प्रभारी सफाई निरीक्षक श्री महेन्द्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक श्री दीपेन्द्र कुमार, नजूल लिपिक श्री सुधीर रावत, श्री धीरेन्द्र घावरी, हेड सुपरवाइजर श्री संजय कुमार, गैराज प्रभारी श्री अमित कुमार रिंकू सहित नगर पालिका परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








