उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने किया शिलान्यास,

पीएम उषा प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंच,
महरौनी, ललितपुर।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय महरौनी में गुरुवार को विकास और शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। महाविद्यालय परिसर में ‘पीएम उषा प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत बनने वाले अत्याधुनिक बहुउद्देशीय हॉल (मल्टीपरपज़ हॉल) का भव्य शिलान्यास समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत शिलान्यास किया।
निर्माणाधीन यह बहुउद्देशीय हॉल भविष्य में छात्र-छात्राओं के लिए सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेलकूद एवं विभिन्न अकादमिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह हॉल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशुतोष यादव ने कहा कि यह निर्माण कार्य महाविद्यालय के विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि पीएम उषा योजना के अंतर्गत मिलने वाली यह सौगात ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और अवसर प्रदान करेगी। अब छात्र-छात्राओं को अपनी खेल, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतिभाओं के प्रदर्शन के लिए आधुनिक संसाधनों से युक्त उत्कृष्ट मंच महाविद्यालय परिसर में ही उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने महाविद्यालय को शिक्षा और नवाचार का आदर्श केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि राघवेंद्र पटेरिया एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिशंकर सोनी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने और इस प्रकार की विकासपरक परियोजनाओं की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन डॉ. जितेंद्र विक्रम वेद द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








