*बच्चों को शिक्षा, चिकित्सा, खेल, व्यायाम सहित कौशल प्रशिक्षण देने के निर्देश*

ललितपुर। 12 मई मंगलवार को अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव एवं जिला बाल कल्याण समिति ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) नेहरूनगर एवं राजकीय बाल गृह (बालक), दैलवारा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनो संस्थाओं में बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं-चिकित्सा, शिक्षा, खानपान, खेल, व्यायाम आदि के बारे में जानकारी ली गई तथा उनके कक्षों सहित रसाई व शौचालय आदि को देखा। उन्होंने निर्देश दिये कि बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए, साथ ही समय-समय पर बाल संरक्षण समिति द्वारा निरीक्षण किया जाए ताकि बच्चों को कोई समस्या न हो। साथ ही इन्हें योग एवं व्यायाम कराया जाए ताकि ये स्वस्थ रहें। इसके अलावा उन्होंने बच्चों को हुनरमंद बनाने हेतु कौशल विकास के तहत प्रशिक्षण दिलाये जाने के निर्देश दिये। इसके अलावा संस्थाओं में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे सुचारु रखें। संस्थाओं में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पायी गईं।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी नन्दलाल सिंह, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्यगणों में अजय बरया, सर्वदेव तिवारी, डॉ संजीव शर्मा आदि उपस्थित रहे।








